लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क | रिपोर्टर – मनीष पारीक | नावां
जिला कलेक्टर महेंद्र खड़गावत के निर्देश पर बुधवार को नावां शहर में पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने सख्त परिवहन जांच अभियान चलाया।
अभियान का नेतृत्व परिवहन निरीक्षक किरण कुमार वर्मा और थानाधिकारी नन्दलाल रिणवा ने किया।
अभियान के दौरान टीम ने भारी वाहनों, ट्रैक्टरों और यात्री बसों की गहन जांच की। जांच में 5 ओवरलोड डंपर जब्त कर नावां थाना परिसर में सीज किए गए। वहीं, 10 ट्रैक्टर जिन पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी, उन्हें भी नियम उल्लंघन पर जब्त किया गया। इसके अलावा दो यात्री बसों के चालान बनाए गए और एक कैम्पर गाड़ी, जिसका फिटनेस प्रमाण पत्र समाप्त हो चुका था, उसे भी सीज किया गया।
परिवहन निरीक्षक किरण कुमार वर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की सख्त पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।
उन्होंने कहा कि अवैध, ओवरलोड और बिना दस्तावेजों वाले वाहनों के खिलाफ अब निरंतर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
थानाधिकारी नन्दलाल रिणवा ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से सड़क हादसों पर अंकुश लगेगा और आमजन को सुरक्षित यातायात वातावरण मिलेगा।
अभियान के दौरान नावां शहर व आसपास के क्षेत्र में वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
कई चालक अपने वाहन मौके से हटाते नजर आए।
प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि —
सड़क नियम तोड़ने वालों को अब किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।













































