लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
लगातार बारिश से न्यू मार्केट में पानी भराव, लोगों की दिनचर्या में आया बदलाव
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक) ।
शहर सहित उपखंड क्षेत्र में रविवार देर रात से शुरू हुई बरसात सोमवार देर रात तक जारी रही। लगातार हो रही बारिश से वातावरण में ठंडक बढ़ गई, जिससे लोगों ने गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं।
बारिश के चलते पशुपालक अपने पालतू जानवरों को बचाने में व्यस्त नजर आए, वहीं बाजारों में लोगों की आवाजाही कम रही। कई दुकानदार दिनभर ग्राहकों के इंतजार में बैठे रहे जबकि सब्जी और फल विक्रेता बारिश में भीगते हुए मायूस दिखे। शाम होते-होते अधिकांश दुकानों ने जल्दी शटर डाउन कर दिया।
न्यू मार्केट क्षेत्र में पानी भराव की समस्या देखने को मिली। दुकानदारों ने बताया कि पिछले एक महीने से सफाई नहीं होने के कारण बाजार में कीचड़ जमा हो गया है, जिससे राहगीरों और दुकानदारों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
बारिश के साथ तेज हवा चलने से ठंड और बढ़ गई है। लोगों की दिनचर्या में बदलाव देखने को मिल रहा है — सुबह देर से निकलना और शाम को जल्दी घर लौटना अब आम हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, बरसात का यह दौर अगले एक-दो दिन तक जारी रह सकता है।
वहीं, जलसंसाधन विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार,
-
गलवा बांध पर 62 मिमी,
-
गलवानियाँ बांध पर 35 मिमी, और
-
ठिकरिया बांध पर 60 मिमी
बारिश दर्ज की गई।
सोमवार शाम तक भी बरसात का सिलसिला जारी रहा।




















































