लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
रेलवे सेवाओं में सुधार के लिए यात्रियों से प्रत्यक्ष संवाद
अजमेर से संवाददाता : नितिन मेहरा
अजमेर। भारतीय रेलवे द्वारा चलाए जा रहे “स्पेशल कैंपेन 5.0” के तहत अजमेर रेलवे स्टेशन पर “अमृत संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य यात्रियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद कर रेलवे सेवाओं में सुधार लाना है।
कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक अजमेरराजू भूतड़ा, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर करनी राम और विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने यात्रियों से सीधे मुलाकात की, उनकी शिकायतें और सुझाव सुने और सेवाओं से जुड़ी सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की।
स्वच्छता, सुरक्षा और समय पालन पर जोर
यात्रियों ने रेलवे स्टेशन पर साफ-सफाई, ट्रेनों की समयपालन, सुरक्षा, सुविधाओं के रखरखाव और यात्री सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कई सुझाव दिए। अधिकारियों ने इन सुझावों का संज्ञान लेते हुए कहा कि इनका गहराई से विश्लेषण कर व्यावहारिक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
यात्रियों की संतुष्टि प्राथमिकता
रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस संवाद का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की संतुष्टि बढ़ाना, सेवाओं में पारदर्शिता लाना और रेलवे को और अधिक जवाबदेह बनाना है।
अजमेर मंडल यात्रियों के सुझावों का स्वागत करता है और रेल यात्रा को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सहज बनाने के लिए लगातार प्रयास जारी रखेगा।










































