लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जोधपुर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल फॉर वोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए भारतीय जनता पार्टी ने देशभर में स्वदेशी जागरण अभियान शुरू किया है। यह अभियान 25 सितंबर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती से 25 दिसंबर अटल बिहारी वाजपेयी जयंती तक चलेगा।
जोधपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि भाजपा इस अभियान को मिशन मोड में आमजन तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘लोकल फॉर वोकल’ का जो संदेश दिया है, उसे जनता के जीवन में उतारना ही इस अभियान का लक्ष्य है।
शेखावत ने बताया कि
-
पहले चरण (अक्टूबर) में जिला स्तरीय कार्यक्रम होंगे।
-
दूसरे चरण (नवंबर-दिसंबर) में मंडल स्तर पर स्वदेशी मेले, औद्योगिक सम्मेलन, किसानों के मार्च और नुक्कड़ नाटक जैसे आयोजन किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों के जरिए लोगों को स्वदेशी उत्पाद अपनाने और विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘मिशन लाइफ – लाइफस्टाइल फॉर एनवायरमेंट’ मंत्र के तहत पर्यावरण के अनुकूल उत्पादों के उपयोग को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
युवाओं और बच्चों को जोड़ने के लिए ‘आत्मनिर्भर सिग्नेचर वॉल’ तैयार की जाएगी, जिस पर लोग स्वदेशी अपनाने का संकल्प दर्ज करेंगे। इसके साथ ही ‘हर घर स्वदेशी’, ‘घर-घर स्वदेशी’ और ‘गर्व से कहो हम स्वदेशी हैं’ जैसे स्टीकर घरों और प्रतिष्ठानों पर लगाए जाएंगे।
भाजपा का यह तीन महीने का अभियान देशभर में स्वदेशी उत्पादों के प्रचार, आत्मनिर्भरता और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली के संदेश को मजबूत करने का प्रयास करेगा।










































