लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के औद्योगिक विकास को और गति देने के लिए प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन करने जा रही है। इसी कड़ी में आगामी 8 अक्टूबर को गुजरात के सूरत में आयोजित होने वाले ‘प्रवासी राजस्थानी मीट’ का उद्देश्य देश और विदेश में रह रहे प्रवासी राजस्थानियों का प्रदेश के विकास में योगदान और सामाजिक-सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करना है।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को प्रवासी राजस्थानी मीट के आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने प्रवासी राजस्थानी उद्यमियों और निवेशकों के साथ विभिन्न सेक्टर मीटिंग आयोजित करने के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मीट के माध्यम से होटल, खनन, फार्मा समेत विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश के प्रमुख सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनका सामाजिक और सांस्कृतिक जुड़ाव और मजबूत हो।
बैठक में मुख्यमंत्री कार्यालय, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग और संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।















































