लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
₹45,000 करोड़ की परियोजना से 2800 मेगावॉट ऊर्जा उत्पादन, राजस्थान और देश के लिए साबित होगी ऐतिहासिक उपलब्धि : मदन राठौड़
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क, जयपुर | रूपनारायण सांवरिया
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ अपने डूंगरपुर—बांसवाड़ा प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सेवा पखवाडा, आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान और जीएसटी नेक्स्ट रिफॉर्म्स पर मीडिया को संबोधित किया।
राठौड़ ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 सितंबर को बांसवाड़ा में परमाणु ऊर्जा परियोजना का शिलान्यास करेंगे।
₹45,000 करोड़ की इस परियोजना से 2800 मेगावॉट बिजली उत्पादन होगा, जो राजस्थान और देश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगी।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्रीय आधारभूत संरचना, ऊर्जा सुरक्षा, रोजगार और निवेश को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में होगा वरिष्ठ नेतृत्व का जमावड़ा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे में केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्री, जनप्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। यह अवसर बांसवाड़ा और आसपास के जिलों के सर्वांगीण विकास के लिए निर्णायक साबित होगा।
“विखंडनकारी शक्तियों को नहीं मिलने देंगे बढ़ावा”
राठौड़ ने समाज को तोड़ने वाले प्रयासों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा—
“राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन समाज को बांटने, सांस्कृतिक ध्वंस या भाई-भाई को लड़ाने वाली ताकतों का सामाजिक और कानूनी स्तर पर विरोध होना चाहिए।”
आत्मनिर्भर भारत और निर्यात पर जोर
डूंगरपुर में प्रेसवार्ता के दौरान राठौड़ ने कहा कि विदेशी टैरिफ भारत की प्रतिस्पर्धा को प्रभावित नहीं कर पाएंगे।
“हमारे उद्यमी और कुटीर-उद्योग विश्व को सस्ता और गुणवत्तापूर्ण माल उपलब्ध करा रहे हैं। अमेरिका जैसे देश टैरिफ बढ़ाएंगे तो इसका भार उनके नागरिकों पर ही पड़ेगा।”
उन्होंने मोदी सरकार की कर सुधार (GST रिफॉर्म्स) और आयकर छूट की पहल की सराहना की। राठौड़ के अनुसार इन कदमों से आम नागरिकों, छोटे उद्योगों और कुटीर-उद्योगों को बड़ी राहत मिली है।
कोरोना काल से रक्षा उत्पादन तक
प्रदेश अध्यक्ष ने कोरोना काल में भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पीपीई किट, दवाइयाँ और वैक्सीन का उत्पादन कर भारत ने पूरी दुनिया की मदद की। आज ब्रह्मोस मिसाइल से लेकर मोबाइल और खिलौनों तक का उत्पादन देश में हो रहा है।
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियां रोजगार, विनिर्माण और निर्यात-उन्मुख हैं। इससे महंगाई नियंत्रण में रहेगी और आर्थिक वृद्धि सुनिश्चित होगी।”
भजनलाल सरकार को मिला समर्थन
राठौड़ ने राजस्थान की भजनलाल सरकार की नीतियों—धर्मांतरण रोकथाम, सामाजिक सुरक्षा और आंतरिक लोकतंत्र को मजबूत करने के प्रयासों का समर्थन किया।

















































