लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जिला – डीडवाना नावां | लोकेशन – नावां शहर
रिपोर्टर – मनीष पारीक
डीडवाना-कुचामन जिले के नावा उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत भगवानपुरा में सड़क की मरम्मत को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को नावा उपखंड अधिकारी दिव्या सोनी को ज्ञापन सौंपा। रैगर बस्ती स्थित मुख्य मार्ग कई ढाणियों और गांवों को जोड़ता है, लेकिन लंबे समय से जर्जर अवस्था में है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे और टूटे हिस्सों के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार जैसी आवश्यक सेवाओं तक पहुँच बाधित हो रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र मरम्मत की कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क की मरम्मत से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और ग्रामीणों का जीवन स्तर बेहतर बनेगा।
ज्ञापन सौंपते समय भगवानपुरा के बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि प्राथमिकता के आधार पर सड़क की मरम्मत कराई जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके।











































