लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
जोधपुर।
सब इंस्पेक्टर भर्ती 2021 में रद्दीकरण के विरोध में जोधपुर में सर्व समाज ने निर्दोष अभ्यर्थियों के समर्थन में विशाल धरना दिया। करीब चार घंटे तक जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर आयोजित इस धरने में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, सफल अभ्यर्थी और उनके परिजन शामिल हुए। धरने का नेतृत्व हनुमानसिंह खांगटा ने किया, जो लंबे समय से चयनित अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने के लिए संघर्षरत हैं।
धरना स्थल पर उपस्थित अभ्यर्थियों ने कहा कि उनका कोई दोष नहीं है, फिर भी भर्ती रद्द कर उन्हें नौकरी से हटाया जा रहा है। हाथों में तख्तियां लेकर वे न्याय की गुहार कर रहे हैं। विभिन्न समाजों के नेताओं ने राज्य सरकार से हाईकोर्ट की डबल बेंच में उचित पैरवी कर निर्दोषों के हित सुरक्षित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वाले अभ्यर्थियों को ही भर्ती से बाहर किया जाए, लेकिन वास्तविक रूप से चयनित अभ्यर्थियों के साथ अन्याय न हो।
अभ्यर्थियों ने कहा कि परीक्षा में टॉप करने के बावजूद उन्हें सड़क पर आंदोलन करना पड़ रहा है। परिवारों की उम्मीदें टूट रही हैं और एक आदेश के कारण उनका भविष्य संकट में है। वे न्याय की राह में किसी का समर्थन नहीं पाकर असहाय महसूस कर रहे हैं। कोर्ट के आदेश के बावजूद सरकार ने अब तक स्पष्ट नहीं किया है कि भर्ती रद्द हुई या नहीं। ऐसे में सरकार से पारदर्शिता और समर्थन की आवश्यकता है।
धरने में हनुमानसिंह खांगटा ने कहा,
“हम निर्दोषों के साथ हैं। नकल प्रकरण में दोषी पाए गए अभ्यर्थियों को ही बाहर किया जाए, लेकिन जो वास्तव में पढ़-लिखकर चयनित हुए हैं उनके साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। इसी वजह से सर्व समाज ने यह आंदोलन शुरू किया है।”
उन्होंने यह भी बताया कि एसओजी द्वारा पहले गिरफ्तार किए गए एक अभ्यर्थी को जांच में बेगुनाह पाए जाने पर अदालत में आवेदन देकर बाहर निकाला गया। उस अभ्यर्थी ने एसओजी की जांच पर भरोसा जताते हुए कहा,
“मेरे साथ न्याय हुआ है। एडीजी वी.के. सिंह पर पूरा विश्वास है कि उन्होंने किसी के साथ अन्याय नहीं किया। लेकिन अब यह सुनिश्चित होना चाहिए कि बाकी चयनित अभ्यर्थियों को भी न्याय मिले।”
धरने में शामिल लोगों ने सरकार से स्पष्ट बयान जारी कर अभ्यर्थियों के हित सुरक्षित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक भर्ती का नहीं बल्कि हजारों युवाओं के भविष्य का सवाल है। न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।















































