जयपुर।
भारी बारिश में बिना प्रोटोकॉल पहुंचे मंत्री जी, माटी कला रिसर्च सेंटर का किया निरीक्षण
बिछून (राजस्थान)। माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री राजी प्रहलाद राय टांक साहब शनिवार को बिछून गांव स्थित अमृत माटी के नवनिर्मित रिसर्च सेंटर पहुंचे। खास बात यह रही कि मंत्री जी ने किसी भी प्रकार के प्रोटोकॉल का पालन किए बिना साधारण तरीके से निरीक्षण किया।
अंजनी किरोड़ीवाल की मेहनत ला रही है रंग
भारी बारिश के बीच टांक साहब कच्चे-पक्के रास्तों से होते हुए सीधे रिसर्च सेंटर पहुंचे और वहां काम कर रही अंजनी किरोड़ीवाल एवं उनकी टीम से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कामगारों से सीधे संवाद कर माटी से जुड़े पारंपरिक कार्यों, उनके विस्तार और नए प्रयोगों की जानकारी ली।
लगातार बारिश और रास्ते में गाड़ी फंस जाने जैसी कठिनाइयों के बावजूद मंत्री जी करीब दो घंटे तक रिसर्च सेंटर में रहे। सामान्यत: ऐसे हालातों में कार्यक्रम रद्द हो सकता था, मगर टांक साहब का उद्देश्य केवल यही रहा कि वे स्वयं अमृत माटी के कार्यों को नजदीक से देखें और कलाकारों का उत्साह बढ़ाएं।
अंजनी किरोड़ीवाल ने उन्हें प्रदेश में चल रही माटी कला की गतिविधियों और उससे जुड़े कारीगरों की स्थिति से अवगत कराया।
मंत्री जी का यह दौरा इस बात का प्रमाण है कि सरकार ग्रामीण स्तर पर परंपरागत कलाओं को महत्व दे रही है। बिना प्रोटोकॉल पहुंचे मंत्री जी ने एक साधारण माटी कलाकार की तरह जमीन पर बैठकर कामगारों से चर्चा की और माटी कला को बढ़ावा देने की अपनी जिम्मेदारी निभाई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह दौरा न केवल अमृत माटी के लिए सम्मान की बात है, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा है कि हमारी कला और मेहनत को सही मायने में सरकार तक पहुंचाने का मार्ग खुल रहा है।














































