लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
लोसल (सीकर) से ओम प्रकाश सैनी
सीकर जिले के शाहपुरा गांव में आईटीबीपी के शहीद जवान सुभाष चंद्र बेरवाल की मूर्ति का अनावरण किया गया। शहीद की तीसरी पुण्यतिथि पर आयोजित इस कार्यक्रम में राजस्थान के उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सैनिक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर तथा धोद विधायक गोवर्धन वर्मा ने मूर्ति का अनावरण किया।
वीरांगना और परिजनों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री डॉ. बैरवा ने शहीद की वीरांगना सरला देवी व परिजनों से मुलाकात की और उन्हें शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री डॉ. बैरवा, सैनिक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर, पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती, विधायक गोवर्धन वर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि—
“देश की रक्षा करते हुए शहीद होना, शहीद के परिवार, गांव और पूरे देश के लिए गर्व की बात है। हम शहीद सुभाष चंद्र की शहादत को नमन करते हैं।”
रक्तदान शिविर का आयोजन
शहीद की स्मृति में ग्रामीणों की ओर से रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 341 यूनिट रक्तदान किया।
भारी संख्या में पहुंचे ग्रामीण
मूर्ति अनावरण समारोह में गांव सहित आस-पास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।










































