अफसरों की तबादला सूची आजकल में , शिखर अग्रवाल विदेश जाएंगे विदेश दौरे पर

0
225
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

महेश झालानी वरिष्ठ पत्रकार

प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में शीघ्र ही बड़े स्तर पर बदलाव होने जा रहा है । उम्मीद की जा रही है कि आईएएस, आईपीएस और आरएएस की सूची आजकल में कभी भी जारी हो सकती है । सूची लगभग तैयार हो चुकी है, केवल अंतिम रूप देना बाकी है ।

सूत्रों का कहना है कि आईएएस और आईपीएस की सूची रविवार या इससे पहले कभी भी जारी होने की उम्मीद है । क्योंकि मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल सोमवार से सात दिन के अवकाश पर विदेश जा रहे है । ऐसा माना जा रहा है कि विदेश जाने से पूर्व तबादला सूची जारी होने की पूर्ण उम्मीद है ।

जहां तक आईएएस के तबादलोंं का सवाल है, उच्च स्तर पर बदलाव की संभावना बहुत कम है । अधिकांश फेरबदल कलेक्टर और विभागध्यक्षो के स्तर पर होगा । उन अफसरों को भी पोस्टिंग दी जाएगी जो हाल ही में आरएएस से आईएएस में पदोन्नत हुए है । ऐसी भी चर्चा सुनने को मिल रही है कि जेडीए आयुक्त आनंदी के अलावा नगरीय विकास विभाग के प्रमुख शासन सचिव देवाशीष पृष्टि को भी बदला जा सकता है ।

सुनने में आ रहा है कि आनंदी को लेकर खींचतान चल रही है । जबकि देवाशीष के पदस्थापन से सम्बंधित मंत्री खुश नही है । इन्हें प्रदेश की क्या, जयपुर की भी तनिक जानकारी नही है । ऐसे में किसी ऐसे अधिकारी को यूडीएच की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है जिसे राजस्थान के बारे में धरातल स्तर की जानकारी हो ।

पुलिस विभाग में व्यापक स्तर पर तबादला संभावित है । डीजीपी स्तर पर पूरा मंथन हो चुका है । उम्मीद है कि एसपी से लेकर डीजी स्तर के करीब चार दर्जन से अधिक आईपीएस अफसरों को बदला जा सकता है । जिस तरह जयपुर के पुलिस आयुक्त को लेकर घमासान मचा हुआ है, उसी प्रकार एसीबी के डीजी को लेकर भी जबरदस्त कयासबाजी लगाई जा रही है । इस पद के लिए संजय अग्रवाल और गोविन्द गुप्ता के नाम की चर्चा है ।

अगर संजय अग्रवाल एसीबी के डीजीपी बनते है तो डीजी इंटेलिजेंस के पद पर गोविन्द गुप्ता या आनंद श्रीवास्तव को नियुक्त किया जा सकता है । अगरचे आनंद श्रीवास्तव को एसीबी में डीजी नियुक्त किया जाता है तो इनकी पत्नी स्मिता श्रीवास्तव को एसीबी के बजाय किसी और पद पर पदस्थापित किया जाना स्वाभाविक है । वर्तमान में स्मिता श्रीवास्तव एसीबी की कार्यवाहक डीजी है ।

उधर जेडीए में नियुक्त आईजी कैलाश विश्नोई यहां से मुक्त होने के लिए फड़फड़ा रहे है । जेडीए के बजाय इन्हें जयपुर में ही पदस्थापित किया सकता है । अधिकांश अधिकारी जेडीए में आने के लिए दिल्ली तक से सिफारिश करवाते है । जबकि ईमानदारी के लिए विख्यात विश्नोई स्वयं जेडीए से छुटकारा पाने के लिए लालायित है ।

पुलिस विभाग में चर्चा  है की गौरव श्रीवास्तव को सीएमओ से हटाकर बर्फ में लगाया जाएगा । नई चर्चा है कि एक लॉबी श्रीवास्तव को सीएमओ से हटाने के लिए सक्रिय है । वे सीएमओ से तो जा सकते है लेकिन इनको बर्फ में लगाने के बजाय बेहतर पोस्टिंग मिलने की उम्मीद है । बीजू जॉर्ज कहां जाएंगे, इस पर कयासबाजी जारी है ।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here