लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा में कांग्रेस प्रत्याशियों को समय पर सिंबल नहीं मिलने का मामला, पूर्व मुख्यमंत्री को सौंपा पत्र
भीलवाड़ा। भीलवाड़ा में कांग्रेस के 17 प्रत्याशियों को समय पर पार्टी सिंबल नहीं मिलने का मामला अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं तक पहुंच गया है। राजस्थान प्रदेश माली (सैनी) महासभा के प्रदेश महामंत्री एवं जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व कार्यकारिणी सदस्य गोपाल लाल माली ने जयपुर स्थित सिविल लाइंस आवास पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात कर पूरे प्रकरण से अवगत कराया।
माली ने पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत को भीलवाड़ा में कांग्रेस शहर संगठन से जुड़े 17 प्रत्याशियों के सिंबल प्रकरण की जानकारी दी। उन्होंने इस घटनाक्रम को लेकर आमजन, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और मीडिया की प्रतिक्रिया से भी गहलोत को अवगत कराया।
चुनावी घटनाक्रम और प्रत्याशियों का दिया फीडबैक
मुलाकात के दौरान गोपाल लाल माली ने भीलवाड़ा में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम के साथ ही चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों और स्थानीय कांग्रेस नेताओं को लेकर फीडबैक भी साझा किया।
माली ने गहलोत को सौंपे पत्र में कहा कि पार्टी नेताओं की ओर से 17 कांग्रेस प्रत्याशियों को समय पर पार्टी सिंबल नहीं दिए जाने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी निराशा और आक्रोश है।
उन्होंने कहा कि चुनाव की तारीख से पहले भीलवाड़ा शहर में कांग्रेस के पक्ष में मजबूत माहौल दिखाई दे रहा था और नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनने की पूरी संभावना नजर आ रही थी। लेकिन समय पर सिंबल नहीं मिलने के घटनाक्रम और भाजपा नेताओं से मिलीभगत के आरोपों के चलते आम कांग्रेस कार्यकर्ता का पार्टी संगठन पर विश्वास प्रभावित हुआ है।
दोषी और लापरवाह पदाधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
गोपाल लाल माली ने पूर्व मुख्यमंत्री से मांग की कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषी और लापरवाह पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। ऐसे घटनाक्रम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आमजन के बीच असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है और पार्टी की छवि भी प्रभावित होती है।
माली ने पत्र में यह भी कहा कि समय रहते जिला संगठन में डैमेज कंट्रोल किया जाना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आगामी पंचायतीराज चुनावों में भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिली तो पार्टी को इसका नुकसान उठाना पड़ सकता है।
राजनीतिक के साथ सामाजिक मुद्दों पर भी हुई चर्चा
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात के दौरान भीलवाड़ा के राजनीतिक घटनाक्रम और चुनावी परिस्थितियों के अलावा सामाजिक विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
इस अवसर पर राजस्थान प्रदेश माली (सैनी) महासभा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) भवानी शंकर माली और मुकेश बुलिवाल भी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: विनोद सेन, भीलवाड़ा



















































