लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
परिहार बोले- 25 की 25 सीटें जीतेगी कांग्रेस
पूर्व राज्य मंत्री सुनील परिहार के निर्देशन में हुआ उद्घाटन, बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक रहे मौजूद
समदड़ी। समदड़ी कस्बे के बायपास रोड स्थित फल्लवाड़ा हनुमान जी मंदिर के पास कांग्रेस प्रत्याशी पवनी देवी धर्मपत्नी पुरुषोत्तम सोनी के चुनाव कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम में पंडित अरुण व्यास ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत करवाई।
कार्यक्रम राज्य सरकार के पूर्व राज्य मंत्री सुनील परिहार के निर्देशन में आयोजित हुआ। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चुनाव को लेकर उत्साह नजर आया।
परिहार बोले- 25 की 25 सीटें कांग्रेस जीतेगी
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व राज्य मंत्री सुनील परिहार ने दावा किया कि समदड़ी नगरपालिका के सभी 25 वार्डों में कांग्रेस पार्टी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी पवनी देवी भी भारी मतों से विजयी होंगी।
परिहार ने कहा कि पवनी देवी के पति पुरुषोत्तम सोनी ने लंबे समय से आमजन के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम सोनी ने स्वर्णकार समाज से जुड़े मुद्दों को भी पार्टी के समक्ष मजबूती से रखा और समाज के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम सोनी लगातार लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं से रूबरू होते रहे हैं और सुख-दुख में लोगों के साथ खड़े रहे हैं। इसी वजह से क्षेत्र में उनकी पहचान एक मिलनसार और आमजन से जुड़े व्यक्ति के रूप में बनी है।
कांग्रेस नेताओं ने की शिरकत
कार्यक्रम में अनुसूचित जाति जनजाति राज्य मंत्री गोपाराम मेघवाल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी चुनाव प्रभारी डॉ. राकेश चौधरी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोकाराम, मंडल कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जाकिर हुसैन पठान, जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव मोतीराम चौधरी और नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कानाराम चौधरी सहित कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
नेताओं ने कार्यकर्ताओं से चुनाव में एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कराने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान आगामी नगरपालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर कांग्रेस की नीतियों और स्थानीय मुद्दों को जनता तक पहुंचाने की अपील की।



















































