लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उपखंड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्कृष्ट पत्रकारों, समाजसेवियों और कर्मियों का हुआ सम्मान
किशनगढ़ रेनवाल। शहर के राजकीय मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में उपखंड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में एनसीसी कैडेट्स ने आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया, जिसकी सलामी उपखंड अधिकारी सर्वेश शर्मा ने ली।
इस अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में एसडीएम सर्वेश शर्मा ने कहा कि आजादी हमें सहज रूप से नहीं मिली है, बल्कि यह देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के निस्वार्थ त्याग, बलिदान और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
समारोह में मंच पर तहसीलदार गंगाविशन, नगर पालिका ईओ सूर्यकांत शर्मा, थानाधिकारी हीरालाल सैनी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जगदीश मीणा, प्रधानाचार्य मनीष कुमार तथा व्यापार महासंघ अध्यक्ष अशोक असावा मौजूद रहे।
वरिष्ठ पत्रकार नवीन कुमावत सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों, विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कर्मचारियों, प्रबुद्धजनों, भामाशाहों, पत्रकारों एवं समाजसेवियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उपखंड स्तर पर समाचार लेखन एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार नवीन कुमावत को एसडीएम सर्वेश शर्मा द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं रेनवाल ग्रामीण क्षेत्र से मदनलाल वर्मा को भी सम्मानित किया गया।
विद्यार्थियों ने बांधा समां
समारोह में विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। देशभक्ति गीतों, नृत्य और रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर एसीबीईओ दामोदर प्रसाद शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष जयनारायण प्रजापत, महामंत्री राजेश रावत, प्रतिपक्ष नेता सीताराम बासनीवाल, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष लक्ष्मीकांत तोतला, जिला मंत्री ओबीसी मोर्चा लक्ष्मीनारायण पिपलौदा, वीरेंद्र मिश्रा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

















































