लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण
डग (झालावाड़)। डग कस्बे के पुराने बस स्टैंड पर मेवाड़ केसरी वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का अनावरण सोमवार को क्षेत्रीय विधायक कालूराम मेघवाल के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने महाराणा प्रताप के अदम्य साहस, स्वाभिमान, वीरता और राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कालूराम मेघवाल ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन त्याग, संघर्ष और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनकी प्रेरणादायी गाथाएं आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान का संदेश देती रहेंगी।
इस अवसर पर डग मंडल अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सामुदायिक भवन का भी हुआ लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान विधायक कालूराम मेघवाल ने डग में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का विधिवत लोकार्पण भी किया। यह भवन क्षेत्रवासियों के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उपयोगी साबित होगा।
विधायक ने कहा कि सामुदायिक भवन आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
विकास कार्यों को मिल रही गति
विधायक कालूराम मेघवाल ने कहा कि डग विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति निरंतर जारी है। जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए सड़क, शिक्षा, पेयजल, सामुदायिक सुविधाओं और आधारभूत संरचना के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों से आमजन को सीधा लाभ मिलेगा और डग विधानसभा क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।















































