लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रानोली रोड पर लगाया जाम
पानी की समस्या से परेशान महिलाओं का फूटा आक्रोश, तिरंगा यात्रा से ठीक पहले प्रदर्शन से प्रशासन में हड़कंप
पीपलू (नरेश कुरेडा)। पानी की समस्या से परेशान महिलाओं का आक्रोश बुधवार को सड़क पर उतर आया। रानोली रोड पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने पानी की मांग को लेकर चक्का जाम कर दिया, जिससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हो गया। महिलाओं ने पानी की समस्या के स्थायी समाधान की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
जाम की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं से समझाइश कर जाम खुलवाने का प्रयास शुरू किया। महिलाओं का कहना है कि लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
तिरंगा यात्रा से ठीक पहले सड़क पर प्रदर्शन
इस घटनाक्रम की खास बात यह है कि कुछ ही देर बाद इसी मार्ग से विधायक रामसहाय वर्मा के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकलने वाली है। यात्रा में कई जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात सामने आई है।
ऐसे में तिरंगा यात्रा से ठीक पहले महिलाओं का सड़क पर उतरना और चक्का जाम करना प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है। पुलिस और प्रशासन की टीम महिलाओं से बातचीत कर जाम खुलवाने में जुटी है।
महिलाओं का कहना है कि उन्हें आश्वासन नहीं, बल्कि पानी की समस्या का स्थायी समाधान चाहिए। फिलहाल मौके पर पुलिस मौजूद है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।






















































