लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गांव-गांव तक संगठन विस्तार का आह्वान
जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में श्रमिक हितों और संगठन मजबूती पर दिया गया जोर
जयपुर। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) का 72वां स्थापना दिवस गुरुवार को जयपुर स्थित प्रदेश कार्यालय में उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा मुख्य अतिथि तथा भारतीय मजदूर संघ के वरिष्ठ राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व राष्ट्रीय वित्त सचिव एस.के. राठौर मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।
‘विश्व का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन बना भारतीय मजदूर संघ’
मुख्य वक्ता एस.के. राठौर ने भारतीय मजदूर संघ के इतिहास, विचारधारा और संगठनात्मक यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बीएमएस एक गैर-राजनीतिक श्रमिक संगठन है, जिसकी सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित और निस्वार्थ कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन के सिद्धांतों के कारण भारतीय मजदूर संघ आज विश्व का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन बन चुका है।
राष्ट्र निर्माण में संगठनों की अहम भूमिका: गोपाल शर्मा
मुख्य अतिथि एवं सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों महापुरुषों ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए ऐसे संगठनों की स्थापना की, जो आज राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने रोडवेज और अन्य सार्वजनिक उपक्रमों से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर बल देते हुए कहा कि जनकल्याणकारी संस्थाओं का उद्देश्य केवल लाभ कमाना नहीं, बल्कि आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना होना चाहिए।
गांव-गांव तक संगठन विस्तार पर जोर
भारतीय मजदूर संघ के क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री हरिमोहन शर्मा ने संगठन विस्तार को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि अब गांव-गांव तक संगठन को मजबूत करना होगा। इसके लिए तहसील स्तर पर नए कार्यकर्ताओं को तैयार कर प्रत्येक गांव में संगठन की इकाइयों का गठन करने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
श्रमिक हितों के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प
कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी अक्षय कुमार मीणा ने किया। उन्होंने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए श्रमिक हितों की रक्षा और संगठन की विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष रणजीत सिंह गुर्जर ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। स्थापना दिवस के अवसर पर उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय असंगठित क्षेत्र के प्रभारी जयंतीलाल ज., जिला मंत्री महेंद्र सैनी, वित्त सचिव विकास तिवारी, यतेंद्र कुमार सहित भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध विभिन्न संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















































