विधानी धाम गोपाल सागर आश्रम में तीसरी बार चोरी, श्रद्धालुओं में आक्रोश

0
16
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जयपुर में मंदिर फिर बना चोरों का निशाना:

जयपुर। राजधानी जयपुर के गोनेर स्थित श्री गोपाल सागर आश्रम, विधानी में शनिवार शाम एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। लगातार तीसरी बार आश्रम को निशाना बनाए जाने से श्रद्धालुओं में भारी रोष है। सबसे बड़ी बात यह है कि पहले हुई दो चोरियों का आज तक पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है, जिससे बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।

आश्रम के मुख्य प्रवक्ता सरजू महाराज ने बताया कि शनिवार शाम करीब 5:30 बजे अज्ञात चोर मंदिर परिसर से पूजा में उपयोग होने वाले बर्तन चोरी कर ले गए। इससे पहले भी आश्रम का दानपात्र चोरी हो चुका है और मंदिर में रखी ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व की प्राचीन वस्तुएं भी बदमाश ले जा चुके हैं। इन सभी मामलों की रिपोर्ट शिवदासपुरा थाने में दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक किसी भी चोरी का खुलासा नहीं हो सका।

 

सरजू महाराज ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार हो रही चोरियों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बढ़ गए हैं। उनका आरोप है कि क्षेत्र में नशे के आदी कुछ असामाजिक तत्व चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और अब उन्होंने मंदिर एवं आश्रम जैसे धार्मिक स्थलों को भी अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है।

उन्होंने कहा कि श्री गोपाल सागर आश्रम वर्षों पुराना धार्मिक स्थल है, जहां हजारों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है। ऐसे पवित्र स्थान पर बार-बार चोरी होना केवल संपत्ति का नुकसान नहीं, बल्कि धार्मिक भावनाओं पर भी सीधा आघात है।

आश्रम से जुड़े श्रद्धालुओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरी की सभी वारदातों का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो श्रद्धालु आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here