लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां (नागौर)। नागौर जिले के पादूकलां थाना क्षेत्र के नथावड़ी गांव में ट्रैक्टर की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर सहित मौके से फरार हो गया। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 25 जून की शाम करीब 7:15 बजे नथावड़ी निवासी रामनिवास अपनी साली घेवरी देवी के साथ पैदल जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति और लापरवाही से आए एक ट्रैक्टर ने महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल महिला को तत्काल राजकीय चिकित्सालय पादूकलां ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पादूकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
मृतका के परिजनों ने ट्रैक्टर चालक ओमप्रकाश जाट के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर सहित मौके से फरार हो गया।
पादूकलां थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



















































