लोसल में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, निचले इलाकों में जलभराव

0
58
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

लोसल (सीकर)। कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में रविवार तड़के मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह 4 बजे से 10 बजे तक रुक-रुक कर हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। लगातार बारिश के कारण मुख्य बाजारों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश का सबसे अधिक असर बस स्टैंड स्थित बालाजी मंदिर क्षेत्र में देखने को मिला, जहां कई दुकानों और मकानों में बरसाती पानी घुस गया। मुख्य बाजार की सड़कें पानी से लबालब हो गईं, जिससे पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

वहीं वार्ड नंबर 5 में लगातार बारिश के चलते एक मकान की दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में दीवार के पास बंधे मवेशियों को हल्की चोटें आईं। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

बारिश का असर कृषि क्षेत्र पर भी पड़ा है। पिछले दिनों हुई अच्छी बारिश के बाद किसानों ने खरीफ फसलों की बुवाई शुरू कर दी थी, लेकिन रविवार की तेज बारिश से खेतों में पानी भर गया। जलभराव के कारण अंकुरित हो रही फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

लगातार बारिश के चलते प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, जबकि स्थानीय लोग जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग कर रहे हैं।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here