- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
एनटीए के साथ समन्वय एवं गृह मंत्रालय के निर्देशों की पालना हो सुनिश्चित
जिला कलक्टर्स और पुलिस अधीक्षक परीक्षा केन्द्रों का करें निरीक्षण
संदिग्धों और अफवाह फैलाने वालों के विरूद्ध हो सख्त कार्रवाई
– मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
– अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी केन्द्रों पर हों मूलभूत सुविधाएं
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आगामी 21 जून को होने वाली नीट री-एग्जाम को सफलतापूर्वक सम्पन्न करवाने के लिए संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। साथ ही, जिला कलक्टर्स और पुलिस अधीक्षक केन्द्रों का निरीक्षण कर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने संदिग्धों और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर नीट री-एग्जाम को लेकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पुलिस की उच्चस्तरीय बैठक ली। उन्होंने कहा कि एनटीए के साथ समन्वय कर गृह मंत्रालय के निर्देशों की गंभीरता से पालना की जाए। मुख्यमंत्री ने गर्मी को देखते हुए अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सभी केन्द्रों पर पेयजल, छाया जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

27 जिलों में 611 केन्द्रों पर परीक्षा
बैठक के दौरान बताया गया कि राजस्थान के 27 जिलों में 611 केन्द्रों पर लगभग 2 लाख 9 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इनमें जयपुर में सर्वाधिक 106, सीकर में 102 और कोटा में 92 केन्द्रों पर परीक्षा आयोजित होगी। बैठक में संबंधित जिला कलक्टर्स और पुलिस अधीक्षकों द्वारा तैयारियों को लेकर जानकारी दी गई।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, सहित संबंधित जिलों के कलक्टर्स और पुलिस अधीक्षक वी.सी. के माध्यम से जुड़े। वहीं, मुख्यमंत्री कार्यायल, महानिदेशक पुलिस कानून एवं व्यवस्था संजय अग्रवाल, प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ सहित उच्चाधिकारी मौजूद रहे।

- Advertisement -




















































