53 लाख की चोरी का खुलासा, दो इनामी अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार

0
21
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 

नागौर/मेड़ता सिटी, (प्रदीप कुमार डागा)। नागौर पुलिस ने मेड़ता सिटी थाना क्षेत्र के डांगावास गांव में हुई करीब 53 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर पुलिस की ओर से 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इस बड़ी चोरी की गुत्थी सुलझाने में सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार, 27 मई 2026 को डांगावास निवासी देवाराम जाट के सूने मकान का ताला तोड़कर चोर करीब 34-35 तोला सोने-चांदी के आभूषण और 2.50 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए थे।

1200 सीसीटीवी कैमरों और टावर डेटा से मिला सुराग

मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने करीब 12 से 13 दिनों तक लगातार जांच की। इस दौरान विभिन्न मार्गों पर लगे लगभग 1000 से 1200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। साइबर सेल की सहायता से मोबाइल टावर डंप डेटा और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

ट्रेन से आते, बाइक चुराते और बंद मकानों को बनाते निशाना

गिरफ्तार आरोपी हरदीप सिंह (31) पुत्र गुरजंट सिंह एवं सोनी माली (31) निवासी हनुमानगढ़ हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ट्रेनों से विभिन्न जिलों में पहुंचते थे और रेलवे स्टेशन के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों को मास्टर की की मदद से चोरी कर लेते थे। इसके बाद उन्हीं वाहनों से घूमकर बंद मकानों की रेकी करते और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

पहचान छिपाने के लिए आरोपी मास्क, कैप, गमछा और चश्मे का इस्तेमाल करते थे ताकि सीसीटीवी कैमरों में उनकी पहचान न हो सके।

पुलिस टीम का ग्रामीणों ने किया सम्मान

चोरी की बड़ी वारदात का शीघ्र खुलासा होने पर डांगावास और आसपास के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने आयोजित एक कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी, वृत्ताधिकारी रामकरण सिंह मलिंडा, थानाधिकारी रघुराज सिंह और जिला विशेष टीम (DST) के सदस्यों का साफा एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया।

ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर अपराधियों को गिरफ्तार कर आमजन का विश्वास मजबूत किया है।

सीसीटीवी लगाने की अपील

पुलिस ने आमजन से घरों और मोहल्लों में गुणवत्तापूर्ण सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे अपराधियों में भय पैदा करने के साथ-साथ अपराधों के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस कार्रवाई में मेड़ता सिटी थाना प्रभारी रघुराज सिंह, डीएसटी प्रभारी महेंद्र एवं उनकी टीम की विशेष भूमिका रही।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here