लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चामुंडा तिराहे से वरुण सागर तक सड़क का होगा कायाकल्प
नितिन मेहरा वरिष्ठ संवाददाता, (राजस्थान)
अजमेर । अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिली है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के प्रयासों से अजमेर विकास प्राधिकरण (एडीए) ने चामुंडा तिराहे से वरुण सागर गेट तक सड़क चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण परियोजना को मंजूरी दे दी है। करीब 6.82 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इस कार्य से पुष्कर मार्ग पर यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और सुरक्षित बनेगी।
परियोजना के तहत लगभग दो किलोमीटर लंबी सड़क को 18 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा तथा उच्च गुणवत्ता वाली डामर सड़क का निर्माण किया जाएगा। साथ ही बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए सड़क के दोनों ओर आरसीसी ड्रेनेज नेटवर्क विकसित किया जाएगा।
आधुनिक सुविधाओं से होगा सुसज्जित मार्ग
परियोजना में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दो बड़े बॉक्स कलवर्ट (पुलियों) का निर्माण भी किया जाएगा। इसके अलावा रात्रिकालीन आवागमन को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पूरे मार्ग पर आधुनिक विद्युत पोल एवं स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जाएंगी।
श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मिलेगा लाभ
वरुण सागर से आगे खरकड़ी-अजयसर तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य पहले से प्रगति पर है। अब चामुंडा तिराहे से वरुण सागर तक के हिस्से के विकास से पूरे मार्ग की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। परियोजना पूरी होने के बाद अजमेर और पुष्कर के बीच आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और समयबचत वाला होगा।
इसका सीधा लाभ स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पुष्कर आने वाले हजारों श्रद्धालुओं और देश-विदेश के पर्यटकों को मिलेगा।
विकास कार्यों को मिलेगी निरंतर गति
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर उत्तर क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य विकास कार्यों को गति देने का अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
परियोजना की स्वीकृति पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया है।



















































