सकल जैन समाज ने साधु-संतों की सुरक्षा को लेकर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

0
23
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

आरोपियों की गिरफ्तारी और एसआईटी जांच की उठाई मांग

नागौर(प्रदीप कुमार डागा) मध्यप्रदेश के रीवा में पदविहार कर रही दो आर्यिका माताजी की सड़क दुर्घटना में हुई मृत्यु के बाद जैन समाज में भारी रोष व्याप्त है। घटना को लेकर सकल जैन समाज लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तथा विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन नहीं किए जाने पर समाज में नाराजगी बढ़ गई है।

इसी विरोध में सोमवार को नागौर में सकल जैन समाज द्वारा मौन जुलूस निकालकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तथा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को भी भेजी गई।

उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

ज्ञापन में घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई। जैन समाज ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संपूर्ण जैन समाज व्यापक आंदोलन और धरना-प्रदर्शन के लिए मजबूर होगा।

समाज के महेंद्र पहाड़िया ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि संतों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि यदि देश में वीतरागी संत-साध्वियां ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिक स्वयं को कैसे सुरक्षित महसूस करेंगे।

उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी कई सड़क हादसों में दिगंबर एवं श्वेतांबर जैन संत-साध्वियों की मृत्यु हो चुकी है, लेकिन शासन-प्रशासन द्वारा संतों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त गंभीरता नहीं दिखाई गई।

पुलिस सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग

समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार संतों के पदविहार के दौरान स्थानीय पुलिस बल की उपस्थिति आवश्यक है, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका पालन नहीं हो रहा है।

समाज के सुरेश ललवानी, कमलकिशोर जैन और तारा जैन सहित अन्य वक्ताओं ने दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।

मौन जुलूस सुबह 10 बजे दिगंबर जैन नसियां से प्रारंभ होकर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचा। जुलूस में समाज के युवा, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए।

इस दौरान जीवराज पाटनी, बाबूलाल बगड़ा, हुलाश बाकलीवाल, राजकुमार मच्छी, भास्कर खजांची, बंटी बांठिया, प्रमोद बाकलीवाल, रोशन बाकलीवाल, अशोक कासलीवाल, नरेंद्र संखलेचा, प्रदीप डागा, रमेश जैन, कमलकिशोर जैन, कपिल तोलावत, सुनील पाटनी, नेमीचंद पाटनी, तारा जैन, प्रभा बाकलीवाल, मंजू पहाड़िया, मुन्नी देवी बगड़ा सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here