लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सवाई माधोपुर। कुंडेरा थाना क्षेत्र में फिरौती के लिए अपहरण कर युवक की हत्या के चर्चित मामले में पुलिस ने दो नामजद वांछित युवकों को हिरासत में लिया है। दोनों युवक अजमेर के द्वारका नगर क्षेत्र में किराये का कमरा तलाश रहे थे, तभी मुखबिर की सूचना और संदेह के आधार पर अजमेर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में चार आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब हिरासत में लिए गए दोनों युवकों से पूछताछ जारी है। हालांकि अभी आधिकारिक रूप से दोनों को आरोपी घोषित नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार उनके तार हत्या कांड से जुड़े होने की बात सामने आ रही है।
अजमेर पुलिस की विशेष
कार्रवाई
अजमेर पुलिस के जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कृष्णगंज थाना की स्पेशल टीम को सूचना मिली थी कि सवाई माधोपुर के चर्चित मनखुश मीणा हत्याकांड के संदिग्ध आरोपी अजमेर में छिपे हुए हैं और फरारी काटने के लिए कमरा तलाश रहे हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगीड़ और पुलिस उपाधीक्षक शिवम जोशी के निर्देशन में थाना प्रभारी उगमाराम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में हेड कांस्टेबल धर्मराज थौरी की विशेष भूमिका रही।
मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महेंद्र मीणा उर्फ लक्की और सियाराम मीणा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना से जुड़ी जानकारी दी, जिसके बाद उन्हें बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के लिए सवाई माधोपुर पुलिस को सौंप दिया गया।
क्या था मामला
प्रकरण के अनुसार, उलियाणा गांव निवासी सुखराम मीणा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 8 मई 2026 को उसका बेटा मनखुश घर आया ही था कि बिना नंबर की काली थार में सवार 5 से 7 लोग उसे जबरन उठाकर ले गए।
रात में परिजनों को फोन कर फिरौती की मांग की गई। फोन पर मनखुश ने खुद को बचाने की गुहार लगाई थी। अगले दिन उसका शव सेलू गांव के पास एक तिराहे पर मिला। मामले में पुलिस ने अपहरण और हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
गिरफ्तार युवकों का विवरण
- महेंद्र कुमार मीणा उर्फ लक्की
- सियाराम मीणा
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
- हेड कांस्टेबल धर्मराज थौरी
- हेड कांस्टेबल संदीप
- कांस्टेबल प्रेमाराम
फिलहाल सवाई माधोपुर पुलिस दोनों युवकों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।
















































