रात्री चौपाल में कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

0
22
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

अधिकांश परिवादों का मौके पर हुआ समाधान

नागौर | प्रदीप कुमार डागा

नागौर तहसील की ग्राम पंचायत बालवा में मंगलवार को जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में रात्री चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों ने मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।

रात्री चौपाल के दौरान कुल 28 परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें बिजली आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, सड़क मरम्मत एवं अन्य जनसमस्याओं से जुड़े मामले प्रमुख रहे। कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए अधिकांश परिवादों का मौके पर ही निस्तारण करवाया।

चौपाल में पेंशन से संबंधित सभी मामलों का शत-प्रतिशत सत्यापन कर तत्काल समाधान किया गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत चयनित 21 लाभार्थियों की आधार सीडिंग मौके पर ही करवाई गई तथा चार लाभार्थियों की ई-केवाईसी भी पूर्ण करवाई गई।

इस दौरान जिला कलेक्टर ने 12 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए, ताकि पात्र परिवारों को स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कराया गृह प्रवेश

रात्रि चौपाल में ग्राम बालवा निवासी करमा पत्नी गोविंद को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृत होने पर कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने गृह प्रवेश करवाया। इस अवसर पर उन्होंने परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

रास्ता खोलो अभियान से डेढ़ सौ परिवारों को राहत

चौपाल के दौरान “रास्ता खोलो अभियान” के अंतर्गत ग्रामीणों की समस्या को समझते हुए बंद पड़े रास्ते को खुलवाने की कार्रवाई भी की गई, जिससे लगभग डेढ़ सौ परिवारों को राहत मिली।

इसके अतिरिक्त नाम शुद्धि से जुड़े पांच प्रकरण भी प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया।

कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए तथा ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here