लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भ्रष्टाचार की शिकायत के बाद हमला कराने का आरोप, पीड़ित ने प्रभावशाली लोगों पर लगाए गंभीर आरोप
करौली। (चरण सिंह डागुर) चेतन सेवा संस्थान से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और शिकायतकर्ता पर हमले के आरोपों ने करौली में सनसनी फैला दी है। पीड़ित ने संस्थान के पदाधिकारियों, पूर्व समाज कल्याण अधिकारी और प्रभावशाली लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायत के बाद हमला कराने का आरोप
पीड़ित कैलाश ने आरोप लगाया कि मानसिक विमंदित बच्चों के नाम पर अनुदान राशि में कथित गड़बड़ी की शिकायत करने के बाद उसे निशाना बनाया गया। पीड़ित के अनुसार शुक्रवार को गांव से करौली आते समय पांचना पुलिस चौकी के पास मोठीयापुरा मोड़ पर तीन नकाबपोश युवकों ने उसे रोक लिया और जबरन नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया।
बेहोशी की हालत में परिजन उसे जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां भर्ती कराया गया।
संस्थान पर अनुदान में गड़बड़ी के आरोप
पीड़ित का आरोप है कि समाज कल्याण विभाग से मानसिक विमंदित बच्चों के नाम पर करोड़ों रुपए का अनुदान लिया जा रहा है। आरोप के मुताबिक करौली स्थित संस्थान को लगभग 2 करोड़ रुपए, गंगापुर सिटी इकाई को करीब 80 लाख रुपए तथा जयपुर इकाई को करोड़ों रुपए का अनुदान प्राप्त होता है।
पीड़ित ने दावा किया कि 35 बच्चों के स्थान पर 125 बच्चों का भुगतान उठाने की शिकायत पूर्व समाज कल्याण अधिकारी बबलू शर्मा को दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
मेडिकल रिपोर्ट में देरी का आरोप
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में भर्ती होने के 24 घंटे बाद तक उसका ब्लड सैंपल नहीं लिया गया। साथ ही अस्पताल प्रशासन पर दबाव बनाकर रिपोर्ट नहीं करवाने और हस्ताक्षर करवाने के आरोप भी लगाए गए हैं। इस संबंध में एक वीडियो वायरल होने की भी चर्चा है।
पुलिस जांच जारी
घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पूरे मामले में संस्थान, प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की भूमिका को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं तथा स्थानीय स्तर पर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।

















































