रोहिणी और इस्लामपुरा में टीबी मुक्त अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर

0
41
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

300 लोगों की स्क्रीनिंग, 86 के मौके पर किए गए एक्स-रे

नागौर। (प्रदीप कुमार डागा) राजस्थान सरकार और स्वास्थ्य विभाग राजस्थान के टीबी मुक्त राजस्थान संकल्प को आगे बढ़ाते हुए जिले में विशेष 100 दिवसीय अभियान के तहत ग्राम पंचायत रोहिणी और इस्लामपुरा में विशाल स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया।

300 लोगों की स्क्रीनिंग, 86 के एक्स-रे

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जुगल किशोर सैनी के निर्देशन में आयोजित इन शिविरों में ग्रामीणों की टीबी (क्षय रोग) के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय पर पहचान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

शिविरों में कुल 300 लोगों की प्रारंभिक स्क्रीनिंग की गई, जिनमें संदिग्ध लक्षण पाए जाने पर 86 व्यक्तियों के मौके पर ही आधुनिक हैंडहेल्ड मशीन के माध्यम से चेस्ट एक्स-रे किए गए।

टीबी की शुरुआती पहचान पर जोर

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. श्रवण राव ने बताया कि अभियान का उद्देश्य टीबी के संभावित मरीजों की शुरुआती स्तर पर पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।

डीआरटीबी समन्वयक सुनील हर्ष और एसटीएस कैलाश भाकल ने ग्रामीणों को टीबी के लक्षणों—लंबे समय तक खांसी, रात में बुखार और भूख में कमी—के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीबी पूरी तरह इलाज योग्य बीमारी है और सरकारी अस्पतालों में डॉट्स के तहत इसका निशुल्क इलाज उपलब्ध है।

स्वास्थ्य टीमों की सक्रिय भूमिका

शिविरों के सफल संचालन में विभिन्न स्वास्थ्य कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रोहिणी पीएचसी में डॉ. निरमा, धीरज लोढ़ा, एएनएम मंजू, सीएचओ रविंद्र, रेडियोग्राफर अदिति गौड़, आनंद परिहार और देवाशीष आचार्य ने सेवाएं दीं।

वहीं इस्लामपुरा शिविर में रेडियोग्राफर हर्षित, एएनएम सरोज खुड़खुड़िया और दुर्गा ने पंजीकरण एवं जांच कार्य में सहयोग किया।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि यह 100 दिवसीय टीबी मुक्त अभियान जायल ब्लॉक के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जारी रहेगा। विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर जांच कराएं ताकि क्षेत्र को टीबी मुक्त बनाया जा सके।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here