‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026’ के तहत 8 मई को हैदराबाद में होगी इनवेस्टर मीट

0
23
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)। राजस्थान को कृषि नवाचार, एग्रीटेक निवेश और तकनीक आधारित कृषि विकास का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में कृषि विभाग राजस्थान द्वारा ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026’ के अंतर्गत 8 मई को हैदराबाद में महत्वपूर्ण इनवेस्टर मीट आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) तथा राजस्थान फाउंडेशन के सहयोग से किया जा रहा है।

इस इनवेस्टर मीट में कृषि, एग्रीटेक, आईटी, बीज प्रौद्योगिकी, संरक्षित खेती एवं कृषि अनुसंधान से जुड़े प्रमुख उद्योग प्रतिनिधि, निवेशक और विशेषज्ञ भाग लेंगे।

तकनीकी नवाचार पर होगी विशेष पैनल चर्चा

कार्यक्रम के दौरान “स्कोप ऑफ आईटी इंटरवेंशन एंड टेक्नोलॉजिकल इनोवेशन इन एग्रीकल्चर” विषय पर विशेष पैनल चर्चा आयोजित की जाएगी। इसमें आईटीसी, कोरोमंडल, नुजिवीडु सीड्स, खेयती, आईसीआरआईसैट तथा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ऑयलसीड्स रिसर्च (IIOR) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों एवं कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

पैनल चर्चा में राजस्थान में एग्रीटेक विस्तार, तकनीकी नवाचार, इंटर-स्टेट सहयोग और कृषि निवेश के नए अवसरों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

मुख्यमंत्री करेंगे निवेशकों से संवाद

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम, सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार तथा कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की प्रमुख शासन सचिव मंजू राजपाल सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री निवेशकों, उद्योगपतियों और राजस्थान फाउंडेशन के सदस्यों के साथ विशेष संवाद करेंगे। इसमें राजस्थान में कृषि आधारित निवेश, एग्रीटेक स्टार्टअप्स, प्रोसेसिंग, सप्लाई चेन और तकनीकी साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

इसके अलावा मुख्यमंत्री एग्रीटेक कंपनियों के साथ-साथ फार्मा कंपनियों के प्रतिनिधियों से वन-ऑन-वन बैठकें भी करेंगे।

राजस्थान को एग्रीटेक हब बनाने की तैयारी

राज्य सरकार का उद्देश्य ‘ग्राम–2026’ के माध्यम से राजस्थान को कृषि नवाचार, स्मार्ट खेती, जल प्रबंधन, एग्री-इन्फ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी कृषि समाधान के क्षेत्र में वैश्विक निवेश का प्रमुख केंद्र बनाना है। हैदराबाद इनवेस्टर मीट को इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि 23 से 25 मई 2026 तक जयपुर में आयोजित होने वाले ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026’ के मुख्य सम्मेलन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इससे पहले दिल्ली, बेंगलुरु और अहमदाबाद में भी इनवेस्टर मीट आयोजित की जा चुकी हैं। अहमदाबाद इनवेस्टर मीट के दौरान राज्य को 150 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे।

‘ग्राम–2026’ में देश-विदेश के निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और नीति निर्माताओं की बड़ी भागीदारी की उम्मीद जताई जा रही है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here