लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (दुर्योधन मयंक)। उनियारा उपखंड क्षेत्र में अच्छी बरसात और रबी की फसल की अच्छी पैदावार के चलते सरसों की बम्पर आवक मंडी में देखने को मिल रही है। मंडी सचिव इन्द्रराज गुर्जर ने बताया कि मंडी में 1 मार्च से रबी फसलों की नीलामी शुरू हो गई है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि अपनी उपज मंडी के माध्यम से ही व्यापारियों को बेचें, जिससे किसानों को उचित मूल्य और मंडी को टेक्स आय प्राप्त हो सके।
16 मार्च तक मंडी में कुल 14,377 क्विंटल सरसों, 58 क्विंटल गेहूं, 40 क्विंटल चना और 19 क्विंटल उड़द की खरीदारी हो चुकी है। आज का औसत मूल्य सरसों का ₹6,116, गेहूं ₹2,200, चना ₹5,235 और उड़द ₹6,205 प्रति क्विंटल रहा।
मंडी सचिव ने बताया कि दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे तक कृषि जिंसों की आवक अधिक रहती है। जिन किसानों की उपज मंडी प्रांगण में है या जिनका मंडी गेट पास जारी हो चुका है, वे 3 बजे से रात 10 बजे तक या विक्रय होने तक बोली में भाग ले सकते हैं।
व्यापारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अनुज्ञप्ति धारक निर्धारित समय पर मंडी में उपस्थित रहें। यदि मंडी प्रांगण में विक्रय की गई कृषि जिंसों की मात्रा अधिक हो, तो तौलने के लिए इलेक्ट्रॉनिक कांटे की संख्या बढ़ाई जाए और तौलने के बाद किसानों से खरीदी गई कृषि जिंसों को उसी दिन मंडी से हटाया जाए। यदि उसी दिन हटाना संभव न हो, तो अगले दिन नीलामी शुरू होने से पहले अवश्य हटाया जाना सुनिश्चित किया जाए।


















































