लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर से नितिन मेहरा
भागीरथ चौधरी एवं ओमप्रकाश भड़ाना ने ली संगठनात्मक बैठक
अजमेर। 28 फरवरी को कायड़ विश्रामस्थली में प्रस्तावित प्रधानमंत्री की ऐतिहासिक जनसभा को लेकर भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी और देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना ने अराई पंचायत समिति सभागार में किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा अराई, किशनगढ़ एवं बोराड़ा मंडलों की संयुक्त बैठक को संबोधित किया।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री चौधरी ने जनसभा में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों और आमजन को बड़ी संख्या में सभा स्थल तक लाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अजमेर सहित पूरे क्षेत्र में प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है।
चौधरी ने कहा कि बीते साढ़े ग्यारह वर्षों में देश ने आधारभूत संरचना, कृषि, तकनीक, महिला सशक्तिकरण और गरीब कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी सशक्त पहचान स्थापित की है।
देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष भड़ाना ने कहा कि यह जनसभा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकास और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक एकजुटता, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रत्येक गांव, ढाणी और वार्ड तक पहुंचने का आह्वान किया, ताकि अधिकतम जनसमर्थन सुनिश्चित किया जा सके।
भड़ाना ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचा है, जिससे ग्रामीण अंचलों में विकास की नई धारा प्रवाहित हुई है। उन्होंने युवाओं, किसानों और महिला समूहों की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर देते हुए कहा कि यह जनसभा क्षेत्र की ऐतिहासिक भागीदारी का उदाहरण बने।
बैठक में उपमहापौर नीरज जैन, जिला उपाध्यक्ष किशनगोपाल दरगढ़, अराई मंडल अध्यक्ष शिवरतन सिंह राठौड़, बोराड़ा मंडल अध्यक्ष रणजीत खोड़, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामसिंह राठौड़, मंडल महामंत्री जतन चौधरी, किशन माकड़, निर्मल भंडिया, हरेंद्र चौधरी, संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


















































