लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मुंबई/पुणे। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ा घटनाक्रम सामने आ रहा है। खबरों के मुताबिक राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र का उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सूत्रों के अनुसार एनसीपी नेतृत्व द्वारा संगठनात्मक और सत्ता संतुलन को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया जा सकता है। यदि ऐसा होता है तो सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की राजनीति में एक नया अध्याय जोड़ेंगी और राज्य की प्रमुख महिला नेताओं में उनकी भूमिका और मजबूत होगी।
बताया जा रहा है कि इस संबंध में पार्टी स्तर पर आंतरिक विचार-विमर्श जारी है और जल्द ही औपचारिक घोषणा हो सकती है। हालांकि अभी तक इसको लेकर न तो राजभवन की ओर से कोई आधिकारिक कार्यक्रम जारी किया गया है और न ही एनसीपी की ओर से पुष्टि की गई है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाया जाता है, तो इसका असर न सिर्फ राज्य की सियासत पर पड़ेगा, बल्कि एनसीपी की आंतरिक राजनीति और गठबंधन समीकरणों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।
फिलहाल सभी की निगाहें मुंबई में होने वाली राजनीतिक बैठकों और आधिकारिक बयान पर टिकी हुई हैं, जिनसे यह साफ हो सकेगा कि महाराष्ट्र को नया उपमुख्यमंत्री मिलेगा या नहीं।
















































