लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के गौरवशाली अवसर पर हिंदू समाज की एकता और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ भीलवाड़ा शहर की काशीपुरी बस्ती में भव्य विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
इस वृहद आयोजन की तैयारियों को गति देते हुए गुरुवार को काशीपुरी स्थित खाटू श्याम मंदिर परिसर में आयोजन समिति और मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों द्वारा कार्यक्रम का पोस्टर विमोचन किया गया। पोस्टर विमोचन के साथ ही क्षेत्र में सम्मेलन को लेकर उत्साह का संचार हुआ और जनसंपर्क अभियान का भी शुभारंभ किया गया।
सम्मेलन का उद्देश्य और महत्व
आयोजन समिति के संरक्षक गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि संघ के शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर आयोजित यह सम्मेलन हिंदू जन-जागरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। इसका मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट करना और राष्ट्रभक्ति के भाव को जागृत करना है।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर संरक्षक गोविंद प्रसाद सोडाणी, अध्यक्ष अशोक कुमार बाहेती और संयोजक संजय कुमार लढा ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन के माध्यम से बस्ती के प्रत्येक घर तक हिंदू संस्कृति और एकता का संदेश पहुँचाया जाएगा।
कार्यक्रम में भागीदारी और सहयोग
इस अवसर पर सहसंयोजक मुकेश कुमार सेन, कोषाध्यक्ष आशीष चीपड, सुरेश बिरला, विक्रम चौधरी और मोहित अजमेरा सहित आयोजन समिति के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में खाटू श्याम मंदिर काशीपुरी कमेटी का भी विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सुरेश पोद्दार और हरीश शाह ने भी अपनी सहभागिता निभाई और सम्मेलन को भव्य बनाने का संकल्प दोहराया।
भव्य आयोजन और आमंत्रण प्रक्रिया
वक्ताओं ने कहा कि यह सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हिंदू समाज की सामूहिक शक्ति और समरसता का प्रतीक होगा। आगामी दिनों में बस्ती में विभिन्न टोलियों द्वारा घर-घर जाकर निमंत्रण पत्र वितरित किए जाएंगे और पीले चावल बांटकर हर हिंदू परिवार को इस विराट संगम का साक्षी बनने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
















































