- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। स्वच्छ भारत अभियान और करोड़ों रुपये की सफाई योजनाओं के दावों के बीच जयपुर नगर निगम हेरिटेज की लापरवाही अब खुलकर सामने आ रही है। गणगौरी बाजार स्थित विष्णु मार्ग, मकान नंबर 3815 के सामने पिछले 10 दिनों से सीवर लाइन चोक पड़ी है, लेकिन नगर निगम प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है। पूरी गली में गंदा पानी बह रहा है, बदबू से लोग बेहाल हैं और बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।
विष्णु मार्ग पर हाल बेहाल
हालात इतने बदतर हैं कि बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो रही है, बुजुर्ग घरों में कैद हैं और श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में कठिनाई झेलनी पड़ रही है। घरों के सामने सीवरेज का पानी जमा है। बाहर निकलते ही ऐसा नजारा सामने आता है कि लोगों को मुंह पर कपड़ा बांधकर गुजरना पड़ता है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
स्थानीय निवासी प्रदीप मिश्रा, कस्तूरचंद मिश्रा सहित अन्य लोगों का कहना है कि नगर निगम हर साल सफाई के नाम पर टैक्स वसूलता है, बड़े-बड़े अभियान चलाता है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि 10 दिनों से बह रहे सीवर को देखने वाला कोई नहीं है। पार्षद से लेकर निगम अधिकारियों तक को कई बार सूचना दी जा चुकी है, फोन किए जा चुके हैं, शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला, समाधान नहीं।
नगर निगम के दावों की पोल खुली
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब नगर निगम का पूरा अमला स्वच्छता के दावे करता है, तो फिर आम नागरिकों को गंदगी में जीने के लिए क्यों मजबूर किया जा रहा है? क्या नगर निगम किसी बड़ी बीमारी फैलने का इंतजार कर रहा है?
विरोध प्रदर्शन को होंगे मजबूर
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सीवर की सफाई और मरम्मत नहीं कराई गई तो वे सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। अब नगर निगम प्रशासन को यह तय करना होगा कि वह सिर्फ कागजों में ही स्वच्छ शहर बनाएगा या जमीन पर भी अपनी जिम्मेदारी निभाएगा। जनता की सेहत से खिलवाड़ अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
- Advertisement -















































