लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कुटिया छाया निर्माण को मिला 2 लाख का सहयोग
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल)
जिले के गुरला स्थित टेकरी के हनुमान मंदिर के समीप माता शबरी की तपोस्थली को विकसित करने की दिशा में एक प्रेरक पहल सामने आई है। हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने कुटिया छाया निर्माण कार्य के लिए 2 लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान की।
स्वामी हंसराम ने बताया कि यह राशि हंसगंगा हरि शेवा चेरिटेबल ट्रस्ट एवं हरि शेवा धाम चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से दो चेकों के माध्यम से माता शबरी कुटिया छाया निर्माण समिति के प्रमुख महंत पुनीत दास त्यागी को भेंट की गई। इस अवसर पर श्री बालाजी समाज सेवा समिति, गुरला के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
स्वामी हंसराम ने कहा कि यह निर्माण कार्य केवल ढांचा बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का प्रयास है। निर्माण पूर्ण होने के बाद यह स्थान साधकों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए महत्वपूर्ण धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित होगा। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए छाया क्षेत्र के चारों ओर तारबंदी और पौधारोपण किया जाएगा, साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु बैठने की व्यवस्था भी की जाएगी।
इस अवसर पर श्री बालाजी समाज सेवा समिति ने स्वामी हंसराम उदासीन का आभार व्यक्त किया और कहा कि संतों एवं समाज के सहयोग से यह भव्य निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण होगा।
सेवा और संवेदना का संदेश:
इसी कड़ी में अम्बेडकर कॉलोनी, कांवाखेड़ा बस्ती में जरूरतमंदों को शॉल वितरित किए गए। ठंड के मौसम में यह सेवा गरीब और वंचित परिवारों के लिए राहत का काम आई। इस कार्यक्रम में संत मायाराम, गोविंद राम, ब्रह्मचारी इंद्रदेव, समाजसेवी अभिमन्यु सिंह पुरावत, ओमप्रकाश भुनकर, योगेंद्र सिंह पंवार, सहित अनेक श्रद्धालु और समाजसेवी उपस्थित रहे।















































