लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत 1002 वरिष्ठजनों को विशेष ट्रेन से जगन्नाथपुरी के लिए रवाना
भाजपा जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने दिखाई हरी झंडी
जयपुर। राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2025 के अंतर्गत सोमवार को दुर्गापुरा (जयपुर) रेलवे स्टेशन से जगन्नाथपुरी-कोणार्क वाया सवाईमाधोपुर-सोगारिया (कोटा) ट्रेन रवाना हुई। इस विशेष गाड़ी में कुल 1002 यात्री सवार हुए हैं, जिनमें से 570 यात्री दुर्गापुरा (जयपुर) से और 600 यात्री सवाईमाधोपुर से शामिल हैं। इसके अलावा 32 सहयोगी स्टाफ भी यात्रा में मौजूद हैं।
देवस्थान विभाग के अतिरिक्त आयुक्त रतनलाल योगी ने बताया कि उक्त ट्रेन में यात्रियों के आवास, भोजन और अन्य समस्त व्यवस्थाएं देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा पूरी तरह से सुनिश्चित की गई हैं, जिससे यह यात्रा वरिष्ठ नागरिकों के लिए पूर्णतः निःशुल्क रहेगी।
इस विशेष ट्रेन को भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत के मार्गदर्शन में वरिष्ठ नागरिकों को भारत गौरव वातानुकूलित ट्रेन द्वारा निःशुल्क तीर्थ यात्रा का अवसर दिया जा रहा है।
दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन पर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने तीर्थ यात्रा पर जा रहे वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर निवर्तमान महापौर सौम्या गुर्जर, जिला महामंत्री नवरत्न नारायणीया, अन्य जिला पदाधिकारी और मंडल अध्यक्षगण भी उपस्थित रहे।















































