लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर । शासन सचिवालय में सोमवार को देवस्थान विभाग की समीक्षा बैठक कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बजट घोषणाओं की क्रियान्विति और विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर गहन चर्चा हुई।
बैठक में वरिष्ठजन नागरिक तीर्थयात्रा योजना-2025 की समीक्षा करते हुए मंत्री कुमावत ने मार्च 2026 तक ट्रेन और हवाई यात्रा को हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। देवस्थान आयुक्त कन्हैयालाल स्वामी ने बताया कि अब तक 40 ट्रेनों के जरिए 34,755 वरिष्ठजनों को विभिन्न तीर्थस्थलों की यात्रा करवाई जा चुकी है। इसके साथ ही 29 फ्लाइट्स के जरिए 1,521 यात्रियों को नेपाल के तीर्थस्थलों के दर्शन करवाए जा चुके हैं।
मंत्री कुमावत ने बैठक में न्यायालयों में लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाने, देवस्थान विभाग की अलग निर्माण विंग बनाने, कृषि योग्य भूमि को लीज पर देने और चिन्हित मंदिरों में निर्माण कार्यों की डीपीआर तैयार कर वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति लेकर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
सिंधु दर्शन योजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं को दी जाने वाली सहायता राशि में वृद्धि के प्रस्ताव तैयार करने और विभागीय कैडर रिव्यू के साथ-साथ पुजारी व अन्य विभिन्न पदों के सृजन एवं नई भर्ती के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी मंत्री कुमावत ने दिए। बैठक में मोक्ष कलश यात्रा में यात्रियों की संख्या बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
मंत्री ने विभाग में अतिरिक्त आयुक्त स्तर के अधिकारियों के कार्यों की मासिक समीक्षा करने के निर्देश दिए और कहा कि मुख्यमंत्री की बजट घोषणाओं को प्राथमिकता से पूरा करने में कोताही बरतने वाले अफसरों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में शासन सचिव शुचि त्यागी, वित्तीय सलाहकार दर्शना देवी, उप सचिव आलोक सैनी, अतिरिक्त आयुक्त गितेश मालवीय उपस्थित रहे, जबकि देवस्थान आयुक्त कन्हैयालाल स्वामी वर्चुअली शामिल हुए।
















































