लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
आईसीएआई के सभी 6 जीसीसी चैप्टर की ऐतिहासिक सहभागिता, लाइव संगीत प्रस्तुति ने बनाया आयोजन यादगार
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल)
भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (आईसीएआई) के अबू धाबी चैप्टर द्वारा 37वें वार्षिक सेमिनार ‘तरंग 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। यह सेमिनार द्वितीय जीसीसी वार्षिक सीए सम्मेलन के साथ संयुक्त रूप से आयोजित हुआ, जिसमें आईसीएआई के सभी छह जीसीसी चैप्टर—बहरीन, ओमान, कतर, कुवैत, दुबई एवं अबू धाबी—की सक्रिय और ऐतिहासिक सहभागिता रही। इसे क्षेत्रीय स्तर पर चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
सेमिनार की थीम ‘तरंग 26’ समुद्र की लहरों की तरह निरंतर, सशक्त और दूरगामी परिवर्तन का प्रतीक रही, जो वैश्विक मंच पर ज्ञान, नवाचार और सहयोग के प्रवाह को दर्शाती है। यह थीम भारत, यूएई और संपूर्ण जीसीसी क्षेत्र के बीच मजबूत होते पेशेवर सहयोग को भी रेखांकित करती है।
आईसीएआई अबू धाबी चैप्टर के अध्यक्ष सीए कृष्णन एन.वी. ने बताया कि सेमिनार का उद्देश्य चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार करना तथा विभिन्न देशों के पेशेवरों के बीच संवाद और अनुभव साझा करने का सशक्त मंच प्रदान करना है।
चैप्टर सचिव सीए प्रियंका बिड़ला ने बताया कि दो दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में भारत सहित विभिन्न देशों से आए 20 से अधिक प्रतिष्ठित वक्ताओं ने वित्त, नेतृत्व, नवाचार, नीति-निर्माण और वैश्विक अर्थव्यवस्था जैसे विषयों पर विचार साझा किए।
सेमिनार में विशेष अतिथि एवं वक्ताओं के रूप में इब्तिसाम अल सादी (कार्यवाहक सहायक अंडरसेक्रेटरी, औद्योगिक विकास क्षेत्र, यूएई), डॉ. अब्दुल्ला सुलैमान अलहम्मादी (चीफ इनोवेशन ऑफिसर, यूएई न्याय मंत्रालय), मोहम्मद अल हकिम (प्रेसिडेंट, यूएई), हाशिम कुदसी (को-फाउंडर एवं मैनेजिंग पार्टनर, लिवा कैपिटल एडवाइजर्स), राघव चड्ढा (राज्यसभा सांसद, भारत) तथा इरफान पठान (पूर्व भारतीय क्रिकेटर एवं कमेंटेटर) प्रमुख रूप से शामिल रहे।
आईसीएआई के अध्यक्ष सीए चरणजोत सिंह नंदा ने अपने प्रेरक उद्बोधन में पेशेवर उत्कृष्टता, नवाचार और वैश्विक दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने ग्रेटर नोएडा में प्रस्तावित चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे के सबसे बड़े वैश्विक उत्सव WOFA 2.0 में अधिक से अधिक सदस्यों से सहभागिता का आह्वान किया।
कॉन्फ्रेंस प्रवक्ता सीए निर्भीक गांधी ने बताया कि सेमिनार के दौरान बिजनेस एक्सीलेंस अवॉर्ड सीए अंकुर अग्रवाल को तथा फाइनेंस एक्सीलेंस अवॉर्ड सीए रामचंद्रन को उनके उत्कृष्ट पेशेवर योगदान के लिए प्रदान किए गए।
आयोजन की सफलता में चैप्टर उपाध्यक्ष सीए रोहित दायमा, कोषाध्यक्ष सीए मोहम्मद शफीक सहित अनु थॉमस, अंकित कोठारी, मोनिश मोहन, सुमा राजेश, शफीख नेलायील, निर्मल अग्रवाल, हेमलता लिंगमूर्ति, प्रशांत नथवानी, प्रसाद आमरा एवं राजेश रेड्डी का उल्लेखनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम का समापन गाला डिनर एवं प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक पापोन की लाइव संगीत प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
















































