लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उद्यान की सफाई कर दिया स्वच्छता का संदेश, साइबर अपराधों से बचाव पर हुआ मार्गदर्शन
नावां सिटी | रिपोर्टर : मनीष पारीक
नावां सिटी | श्रीमती रूकमणी देवी रामदेव लढा राजकीय महाविद्यालय, नावां में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के तृतीय दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। शिविर के प्रथम सत्र का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वन्दना चौधरी द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया।

स्वयंसेवकों ने किया श्रमदान
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विजय कुमार बंशीवाल एवं डॉ. राजेश चौधरी के नेतृत्व में एनएसएस स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के दाहिनी ओर स्थित उद्यान में उगी खरपतवार एवं जंगली पौधों को हटाकर श्रमदान किया।
इस दौरान स्वयंसेवकों ने परिसर स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण का संदेश दिया।

साइबर अपराधों से बचाव पर जागरूकता सत्र
द्वितीय बौद्धिक सत्र में महाविद्यालय के पूर्व वरिष्ठ सहायक एवं वर्तमान उप निरीक्षक (राजस्थान पुलिस) राजेन्द्र कॉटवा ने छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी, ओटीपी फ्रॉड एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों से बचाव के उपाय बताए।
उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक न करने, व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रखने तथा मोबाइल एवं कंप्यूटर में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. वन्दना चौधरी, दोनों एनएसएस इकाइयों की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मोना अग्रवाल, प्रो. पदमाराम जाखड़, गुमानाराम सहित महाविद्यालय का स्टाफ एवं एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।











































