लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा। (सत्यप्रकाश मयंक)। उपखंड के अलीगढ़ कस्बे में स्वामी विवेकानंद जयंती समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कस्बे के बाला किला चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। स्वामी विवेकानंद जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वामी विवेकानंद की सजीव झांकी सजाई गई, जिसने उपस्थित जनसमूह का ध्यान आकर्षित किया। समारोह की मुख्य अतिथि निवर्तमान जिला प्रमुख सरोज बंसल रहीं, जबकि अध्यक्षता ग्राम पंचायत प्रशासक साबिया बी. ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला सह-कोषाध्यक्ष मोनिका जैन एवं उनियारा भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष ममता साहू उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर जिला प्रमुख सरोज बंसल ने चिल्ड्रन पार्क का फीता काटकर उद्घाटन किया एवं शिलापट्टिका का लोकार्पण किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बच्चों का शारीरिक विकास शिक्षा के साथ-साथ अत्यंत आवश्यक है। युवाओं के चरित्र निर्माण से ही एक सशक्त और श्रेष्ठ राष्ट्र का निर्माण संभव है।
गौरतलब है कि जिला परिषद मद से निर्मित इस चिल्ड्रन पार्क के लोकार्पण से क्षेत्र के बच्चों को स्वच्छ वातावरण में झूले, फिसलन पट्टी सहित अन्य खेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि जफर खान, उपसरपंच प्रतिनिधि किशन सैनी, वार्ड पंच कैलाश सेन, सुनीत जायसवाल, समाजसेवी सुभाष चतुर्वेदी, रमेश शर्मा, हरपाल सैनी, लालू भाई, नरेश जैन, मनोरंजन जांगिड़, विनोद जैन, विष्णु बंडेला, रामदयाल गुर्जर, महेश केंडा सहित बड़ी संख्या में कस्बे के महिला-पुरुष उपस्थित रहे।















































