लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
उपखंड क्षेत्र की पलाई ग्राम पंचायत में नवनियुक्त ग्राम विकास अधिकारी को अब तक चार्ज नहीं दिए जाने से पंचायत के सरकारी कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। इससे जहां प्रशासनिक कामकाज ठप पड़ा है, वहीं आम ग्रामीणों को भी पंचायत से जुड़े जरूरी कार्यों के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व पलाई पंचायत में कार्यरत ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद उनके स्थान पर शैलेन्द्र सिंह को नया ग्राम विकास अधिकारी नियुक्त किया गया, लेकिन नियुक्ति के लगभग 20 दिन बाद भी उन्हें पंचायत का चार्ज नहीं दिया गया है।
चार्ज नहीं मिलने के कारण पंचायत कार्यालय पर अक्सर ताला लगा रहता है। इसके चलते मूल निवास, जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, जन आधार, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, विवाह प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक पंचायत कार्य नहीं हो पा रहे हैं। इससे ग्रामीणों को बार-बार पंचायत कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
ग्राम के शहजाद खान, रामकिशन धाकड़ सहित कई ग्रामीणों ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए उच्चाधिकारियों से नवनियुक्त ग्राम विकास अधिकारी को शीघ्र पंचायत का चार्ज दिलवाने की मांग की है, ताकि पंचायत कार्य सुचारु रूप से शुरू हो सकें और आमजन को राहत मिल सके।













































