लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगापुर सिटी डीएसटी टीम की बड़ी कार्रवाई
रिपोर्ट: बनी सिंह मीना
गंगापुर सिटी (सवाई माधोपुर)।गंगापुर सिटी पुलिस की डीएसटी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिनदहाड़े फायरिंग की घटना के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान डीसी उर्फ दीपक बैंसला के रूप में हुई है, जिस पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने 2 दिसंबर को गंगापुर सिटी की पुरानी सब्जी मंडी में दिनदहाड़े फायरिंग की थी, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
दिल्ली से डिटेन, नादोती चौराहे पर भागने की कोशिश
पुलिस ने आरोपी को पहले दिल्ली से डिटेन किया था। इसके बाद उसे गंगापुर सिटी लाया जा रहा था। इसी दौरान नादोती चौराहे पर आरोपी ने पेशाब करने का बहाना बनाकर पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की।
हालांकि डीएसटी टीम की सतर्कता से घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। भागने के प्रयास में आरोपी के हाथ और पैर में चोटें आई हैं।
पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस आरोपी से फायरिंग की घटना, हथियारों की आपूर्ति और अन्य आपराधिक गतिविधियों को लेकर गहन पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई को डीएसटी टीम की बड़ी सफलता माना जा रहा है।















































