लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा | सत्यप्रकाश मयंक
उनियारा | महात्मा ज्योतिबा फुले छात्रावास, उनियारा में माता सावित्रीबाई फुले की 198वीं जयंती माली समाज एवं समरसता मंडल के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजित की गई। कार्यक्रम में समाज के लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय फुले ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सैनी रहे। उनके उनियारा आगमन पर स्वामी विवेकानंद सर्किल पर राष्ट्रीय फुले ब्रिगेड के पदाधिकारियों द्वारा माला पहनाकर, साफा बंधवाकर एवं आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया। इसके पश्चात मोटरसाइकिल रैली निकाली गई, जो स्वामी विवेकानंद सर्किल, एसडीएम कोर्ट, पुलिस थाना, बस स्टैंड, सरदार सिंह सर्किल होते हुए सवाई माधोपुर रोड स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले छात्रावास पहुंची।

दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
छात्रावास परिसर में समाज के पंच-पटेलों एवं अतिथियों द्वारा माता सावित्रीबाई फुले एवं महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
मुख्य अतिथि चंद्रप्रकाश सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि माता सावित्रीबाई फुले एवं महात्मा ज्योतिबा फुले भारत के प्रथम अध्यापक एवं प्रथम अध्यापिका थे, लेकिन आज तक उन्हें भारत रत्न से सम्मानित नहीं किया गया, जबकि उन्होंने जातिवाद, छुआछूत और सामाजिक भेदभाव को मिटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ शिक्षा को समाज सुधार का सबसे बड़ा माध्यम बताया।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि 25 फरवरी 2026 को माली समाज अपनी मांगों को लेकर विधानसभा का घेराव करेगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में गहलोत सरकार के दौरान कुछ मांगें मानी गई थीं, लेकिन वर्तमान सरकार में समाज की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया है।

समाज की एकजुटता का संदेश
माली समाज समरसता मंडल उनियारा के अध्यक्ष प्रह्लाद सैनी ने बताया कि कार्यक्रम में समाज के युवा, बुजुर्ग, महिलाएं एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के उपरांत भगवान श्री सत्यनारायण जी के पौष बड़े का भोग लगाया गया तथा शाम को प्रसादी का वितरण किया गया।
बड़ी संख्या में समाजजन रहे उपस्थित
कार्यक्रम में समरसता मंडल अध्यक्ष प्रह्लाद सैनी सहित गोपाल सैनी, बर्दीचंद सैनी, रामकिशन सैनी, जगदीश सैनी, हनुमान सैनी, सत्यनारायण सैनी, राजूलाल सैनी, कल्याण सैनी, विजय सैनी, राजेश सैनी, ताराचंद सैनी, बाबूलाल सैनी, मांगीलाल सैनी, ललित सैनी, कैलाश सैनी, रामलाल सैनी, प्रभुलाल सैनी, आसाराम सैनी, कमलेश सैनी, धनराज सैनी, पप्पूलाल सैनी, हेमंत सैनी, सुरेश सैनी, विष्णु सैनी, मेघराज सैनी, मनोज सैनी, विनोद सैनी, अशोक कुमार सैनी, मुकेश सैनी, दीपक सैनी, पंकज सैनी, चेतन सैनी सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।













































