लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
बीकानेर (विजय कपूर)। जेठानंद व्यास — विधायक (बीकानेर पश्चिम) — ने सोमवार को बड़ा बाजार में लगी अस्थाई दुकानों से स्वदेशी और परंपरागत उत्पाद खरीदकर ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश दिया।
विधायक व्यास अपनी पत्नी के साथ बाजार पहुंचे और मिट्टी के दीये, चना-चबेना, फल, हिंडोल सहित अन्य पारंपरिक सामग्री की खरीदारी की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को सशक्त बनाने के लिए स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का आह्वान किया है, और हर नागरिक का यह दायित्व है कि वह छोटे व्यापारियों को सशक्त बनाए।
व्यास ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी जयपुर के स्थानीय बाजारों से खरीदारी कर इस अभियान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि इस मुहिम को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक लोग स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं।
बाजार में स्थानीय नागरिकों से मुलाकात के दौरान विधायक ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और पारंपरिक उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की।













































