लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (दुर्योधन मयंक)। क्षेत्र में बीसलपुर पेयजल परियोजना के तहत पर्याप्त जल वितरण नहीं होने से बढ़ती पेयजल समस्या को लेकर भारतीय किसान संघ तहसील शाखा उनियारा द्वारा सोमवार प्रातः 11 बजे उपखंड कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
भारतीय किसान संघ के जिला उपाध्यक्ष मदन कुमावत ने बताया कि बीसलपुर पेयजल परियोजना का पानी नलों तक नियमित रूप से नहीं पहुंच रहा है, जिसके कारण क्षेत्र के अधिकांश गांवों में पेयजल संकट बना हुआ है। इस समस्या को लेकर किसान संघ द्वारा पहले भी कई बार उपखंड अधिकारी उनियारा और जिला कलेक्टर टोंक को ज्ञापन देकर अवगत कराया गया, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं की अनदेखी के चलते किसान संघ को धरना-प्रदर्शन का निर्णय लेना पड़ा है। संगठन ने क्षेत्र के किसान भाइयों और आमजन से अधिक से अधिक संख्या में उपखंड कार्यालय पहुंचकर आंदोलन में भाग लेने की अपील की है।
किसान संघ ने प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों से प्रतीकात्मक रूप से खाली मटके साथ लाने का भी आह्वान किया है, ताकि क्षेत्र में पेयजल संकट को प्रशासन के सामने प्रभावी तरीके से रखा जा सके।














































