लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रियांबड़ी (नागौर)। राजस्थान प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की उपाध्यक्ष सरिता गेना ने नागौर जिले के थांवला मंडल कार्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया। इस अवसर पर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता गेना राजसमंद एवं नागौर लोकसभा क्षेत्र के एकदिवसीय दौरे पर थीं। थांवला आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। थांवला भाजपा मंडल अध्यक्ष ब्रजराज सिंह लखावत ने बताया कि अजमेर–नागौर सीमा पर बाड़ीघाटी के समीप सरिता गेना का स्वागत किया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।
इसके पश्चात थांवला भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का जन्मदिन केक काटकर मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान सरिता गेना ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण और विकास के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने और आगामी कार्यक्रमों व चुनावी तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में सरिता गेना ने सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि इस अवधि में गरीब, किसान, महिला और युवाओं के हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं। साथ ही कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है और आने वाले समय में विकास कार्यों को और अधिक गति दी जाएगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।















































