तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, विरोध करने पर पत्रकार को बीच रास्ते घेरकर दी धमकी

0
24
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नागौर/मकराना। मकराना क्षेत्र के सूंथली-चाण्डी मार्ग पर तेज रफ्तार कार की टक्कर के बाद उपजे विवाद में पत्रकार के साथ अभद्रता और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित पत्रकार ने मकराना थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

बोरावड़ निवासी पत्रकार विनय सोनी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि रविवार, 26 अप्रैल को सुबह करीब 10:30 बजे वे अपने चार साथियों के साथ बलेनो कार से डीडवाना जा रहे थे। इसी दौरान सूंथली-चाण्डी मार्ग पर सामने से आ रही एक मारुति अर्टिगा कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में उनकी गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा।

घटना की सूचना तुरंत मकराना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची बूड़सू चौकी पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दुर्घटनाग्रस्त अर्टिगा कार को जब्त कर लिया, हालांकि आरोपी चालक श्रवणराम मौके से फरार हो गया।

रिपोर्ट के अनुसार, असली विवाद बाद में हुआ जब पत्रकार और उनके साथी दूसरी व्यवस्था कर डीडवाना की ओर रवाना हुए। इसी दौरान आरोपी श्रवणराम ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर बीच रास्ते में उनकी गाड़ी रुकवाई और कथित तौर पर धमकी दी कि यदि पुलिस कार्रवाई की गई तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

पीड़ित ने बताया कि पूरी घटना का वीडियो उनके पास सुरक्षित है, जिसे साक्ष्य के तौर पर पुलिस को सौंपा जाएगा।

मकराना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वाहन पहले ही जब्त किया जा चुका है और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here