लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (दुर्योधन मयंक)। भाजपा के जिला कार्यालय उद्घाटन एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने टोंक जाते समय कार्यकर्ताओं की बस सदर थाना क्षेत्र के घास गांव के पास पलट गई। हादसे में करीब 11 कार्यकर्ता घायल हो गए, जिन्हें सआदत अस्पताल टोंक में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार बस में सवार सभी कार्यकर्ता देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र के पायगा गांव के निवासी थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही विधायक राजेन्द्र गुर्जर अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को तत्काल बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बताया जा रहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जनसभा में शामिल होने के लिए कार्यकर्ता पायगा से टोंक रवाना हुए थे। बस सुबह करीब 9 बजे निकली थी और लगभग 11 बजे घास के पास यह हादसा हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक को नींद की झपकी आने से बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
हादसे में जगदीश (पुत्र रतनलाल), जितेंद्र (पुत्र रामप्रसाद), कैलाश (पुत्र रामफूल), हनुमान (पुत्र रामकिशोर), महावीर (पुत्र रामप्रसाद), हनुमान गुर्जर (पुत्र रामबिलास), धनपाल (पुत्र मियाराम), प्रेमराज (पुत्र रामजीलाल), बन्नाराम (पुत्र खुशीराम), बाबूलाल (पुत्र आशाराम), मुकेश (पुत्र श्योजीराम) सहित अन्य कार्यकर्ता घायल हुए हैं। बस में करीब 30 से 35 लोग सवार थे, जिनमें बाकी लोगों को मामूली चोटें आई हैं।



















































