लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए जवाहर फाउंडेशन को राज्य स्तरीय सम्मान
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल)
राजस्थान चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में सहयोगात्मक सामाजिक भूमिका निभाने के लिए जवाहर फाउंडेशन को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया। अजमेर स्थित जवाहर फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘स्वाभिमान भोज कार्यक्रम’ (मात्र एक रुपये में भोजन) के माध्यम से किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों के लिए फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष रिजु झुनझुनवाला को यह सम्मान प्रदान किया गया।
जयपुर के राजा पार्क स्थित चिकित्सा शिक्षा भवन कमिश्नरेट मुख्यालय में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में जवाहर फाउंडेशन को प्रदेश के चयनित गणमान्य संस्थानों में शामिल किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चिकित्सा शिक्षा विभाग के कमिश्नर नरेश गोयल रहे।
इस अवसर पर कमिश्नर नरेश गोयल ने चिकित्सा संस्थानों में जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों के लिए जवाहर फाउंडेशन की सराहनीय भूमिका की प्रशंसा की और अन्य अस्पतालों में भी इस तरह की सेवाएं प्रारंभ करने का आह्वान किया।
संस्थापक अध्यक्ष रिजु झुनझुनवाला की अनुपस्थिति में यह सम्मान जवाहर फाउंडेशन के ट्रस्टी एवं प्रभारी रजनीश वर्मा ने प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो के रूप में ग्रहण किया।
रजनीश वर्मा ने बताया कि वर्तमान में जवाहर फाउंडेशन द्वारा प्रदेश में कुल 11 ‘स्वाभिमान भोज’ रसोई संचालित की जा रही हैं, जो जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा और बांसवाड़ा में स्थित हैं। अजमेर स्थित संभाग के सबसे बड़े जेएलएम अस्पताल परिसर में 2000 वर्ग गज क्षेत्र में स्थापित स्वाभिमान भोज रसोई का उद्घाटन राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के कर-कमलों द्वारा किया गया था।
उन्होंने बताया कि इस रसोई के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 450 मरीजों और उनके परिजनों को मात्र एक रुपये में भोजन उपलब्ध कराया जाता है। रजनीश वर्मा ने इस सेवा की स्थापना में सहयोग के लिए जेएलएम अस्पताल प्रशासन और जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य का आभार व्यक्त किया।
जवाहर फाउंडेशन द्वारा संचालित यह पहल चिकित्सा सेवा के साथ मानवीय संवेदना का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर प्रदेशभर में प्रेरणा का स्रोत बन रही है।















































