लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहायिकाओं का किया सम्मान
जयपुर। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने आमेर विधानसभा क्षेत्र के घटवाड़ा स्थित आदर्श आंगनवाड़ी पाठशाला में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में सहभागिता की। यह कार्यक्रम ‘विकसित भारत–जन सेवा अभियान’ के तहत आयोजित किया गया। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया भी मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी केंद्र पर बच्चों और लाभार्थी परिवारों से संवाद किया। बच्चों के पोषण और स्वस्थ विकास को ध्यान में रखते हुए उन्हें न्यूट्री बार वितरित किए गए। वहीं गर्भवती माताओं की गोद भराई की रस्म भी संपन्न कर उन्हें स्वस्थ एवं सुखद मातृत्व के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान
कार्यक्रम में समाज के अंतिम पायदान तक पोषण, स्वास्थ्य और देखभाल की सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहायिकाओं का सम्मान किया गया।
दिया कुमारी ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के साथ पोषण को लेकर जनजागरूकता बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने सेवा, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े प्रयासों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में जिला मंत्री जेपी खोजी, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा एवं रामचंद्र सैनी, विभागीय अधिकारी, मातृशक्ति और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



















































